हिमाचल में 20 और 21 अप्रैल को बारिश के आसार


तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना

लंबे समय से रूखे-सूखे मौसम से प्रदेशवासियों को राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार कल से प्रदेश में मौसम करवट लेगा। 20 और 21 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने और ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की है। हालांकि सोमवार को प्रदेशभर में धूप खिली रही और मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं चलने का दौर भी बरकरार रहा लेकिन अब इससे कुछ हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।


हिमाचल में बीते 2 महीनों से ड्राई-स्पेल चल रहा है और इससे किसानों-बागवानों को फसल का नुकसान उठाना पड़ा है। गेहूं की पैदावार के साथ सेब की फ्लावरिंग पर मौसम की मार पड़ी है। अगर 20 और 21 को बारिश होती है तो सूखे का क्रम टूट जाएगा। गौर रहे कि प्रदेश में बीते दिनों में कई क्षेत्रों में बारिश की बौछारें हुई हैं, लेकिन इससे कोई राहत नहीं मिली। प्रदेश में तापमान दिनोंदिन बढ़ रहा है।


बढ़ती गर्मी से प्राकृतिक स्त्रोतों में पानी की कमी होने से वाटर सप्लाई की स्कीमें प्रभावित है। इससे कई स्थानों पर पेयजल की किल्लत भी देखी जा रही हैं। सिंचाई न होने से मटर, आलू, फूल गोभी फ्रास बीन्स व अन्य फसलें सूखने के कगार पर है।
हवा में नमी होने के कारण सेब के बागीचों में पाऊडरी मिल्डयू समेत कई तरह के रोग पनप रहे हैं। वहीं कई स्थानों पर सेट हुए सेब के फ्रूट भी गिर रहे है। ऐसे में अगर आने वाले दिनों में बारिश होती हैं, तो प्रदेश के किसानों व बागवानों को राहत मिल सकती है।


मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान ऊना जिला में दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान फिर से 40 डिग्री को पार कर गया है। ऊना में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सुंदरनगर में 34.3, भुंतर में 32.3, कल्पा में 31.7, धर्मशाला में 32.0, नाहन में 34.8, केलंग में 17.6, पालमपुर में 27.8, सोलन में 32.3, मनाली में 25.2, कांगड़ा में 34.2, मंडी में 33.4, बिलासपुर में 35.5, हमीरपुर में 34.8 और चंबा में 34.3 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।

Total
0
Shares
Related Posts
Total
0
Share