हिमाचल में येलो अलर्ट, 29 तक होगी बारिश !

हिमाचल प्रदेश में लगातार पांच दिनों तक भारी बारिश का येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में 25 से 29 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। 28 व 29 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, अलर्ट के बीच राजधानी शिमला व आसपास भागों में झमाझम बारिश जारी है। शिमला के शिलारू में 46.0, नारकंडा 35.5, सुंदरनगर में 33.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश की स्थिति में पानी, बिजली व संचार जैसी आवश्यक सेवाएं बाधित हो सकती हैं।

पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की भी संभावना है। स्थानीय लोगों व पर्यटकों को संबंधित विभागों की ओर से जारी एडवाइजरी और दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई। सुरक्षा के पर्याप्त उपाय करने को भी कहा गया है। 30 व 31 जुलाई को भी बारिश जारी रहने की संभावना है। उधर, कुल्लू की ऊझी घाटी से लेकर लाहौल में रविवार रात को भारी बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मनाली के पलचान के पास सेरी नाला में देर रात करीब 3.00 बजे बादल फटने की घटना सामने आई है।

ब्यास नदी का जलस्तर बढऩे से सोलंग गांव के लिए बनाया गया लकड़ी का पुल बह गया है। इसके अलावा पलचान व बाहंग के आसपास नदी किनारे बना एक रेस्तरां, खोखों सहित कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। बादल फटने के बाद ब्यास नदी का जलस्तर एकाएक बढऩे से नदी किनारे रहने वाले लोग रातभर नहीं सो पाए। उपमंडलाधिकारी मनाली सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुट गया है। लाहौल के तेलिंग नाला में भारी बारिश से बाढ़ आ गई। इससे मनाली-लेह मार्ग करीब पांच घंटे तक बंद रहा।

शिमला में न्यूनतम तापमान 16.0, सुंदरनगर 21.4, भुंतर 20.9, कल्पा 14.3, धर्मशाला 20.2, ऊना 24.2, नाहन 24.1, केलांग 12.7, पालमपुर 20.0, सोलन 20.4, मनाली 18.0, कांगड़ा 23.0, मंडी 22.6, बिलासपुर 24.0, हमीरपुर 22.5, चंबा 23.1, डलहौजी 13.2, कुफरी 13.9, कुकुमसेरी 16.5 और रिकांगपिओ में 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मॉनसून से 124 की गई जान, 423 करोड़ का हुआ नुकसान

हिमाचल प्रदेश में मॉनसून से नुकसान का दौर जारी है। मॉनसून के कारण हुई दुर्घटनाओं में अब तक 124 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 169 लोग घायल हुए है 4 लोग अभी भी लापता है। मॉनसून के कारण प्रदेश को अब तक 423 करोड़ का नुकसान हो चुका है। पीडब्ल्यूडी व आईपीएच विभाग को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। सोमवार को प्रदेश में मॉनसून के कारण 17 सड़कें, 3 ट्रांसफार्मर और 14 वाटर सप्लाई की स्कीमें बंद है।

Total
0
Shares
Related Posts
Total
0
Share